लक्सर, 24 जून।
खानपुर के पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन एक बार फिर विवादों के घेरे में आ गए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है। इस वीडियो में पूर्व विधायक एक युवक के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते और उसे गालियां देते हुए दिखाई दे रहे हैं, जिसके बाद पीड़ित परिवार और भीम आर्मी ने मोर्चा खोल दिया है।
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पूर्व विधायक युवक को फटकार लगा रहे हैं और वह उनसे माफी मांग रहा है। पीड़ित युवक के पिता सुदेश कुमार ने लक्सर कोतवाली में तहरीर देते हुए अपने पुत्र के साथ हुए सार्वजनिक अपमान पर गहरा रोष जताया है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से इस पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कर कठोर कानूनी कदम उठाने की अपील की है।
इस मुद्दे को लेकर भीम आर्मी जय भीम उत्तराखंड के कार्यकर्ता भी लक्सर कोतवाली पहुंचे। संगठन के प्रतिनिधियों ने पूर्व विधायक के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। उन्होंने पुलिस को तीन दिन का कड़ा अल्टीमेटम दिया है और चेतावनी दी है कि यदि कार्रवाई नहीं हुई, तो वे एसएसपी कार्यालय पर आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
स्थानीय पुलिस का कहना है कि उन्हें तहरीर मिल गई है और मामले की गहन जांच की जा रही है। साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस मामले को लेकर इलाके के सामाजिक और राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं, जिससे स्थिति काफी तनावपूर्ण बनी हुई है।











