कोलकाता, 24 जून।
पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले के आमता में वर्ष 2022 में हुए बम विस्फोट मामले में राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) को बड़ी कामयाबी मिली है। जांच एजेंसी ने इस मामले के दो मुख्य आरोपितों, असफार मिद्या और एंताजुल मिद्या को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी से पहले एनआईए ने आमता क्षेत्र में संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की थी।
आरोप है कि इन्हीं दोनों के इशारे पर 23 फरवरी 2022 को चंद्रपुर बाजार के पास अवैध रूप से देसी बम बनाने का काम चल रहा था। इसी दौरान हुए भीषण धमाके में चार लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे, जिनमें से इलाज के दौरान शेख महाराम की मौत हो गई थी।
एनआईए ने अप्रैल 2024 में इस मामले की कमान संभाली थी। जांच में पाया गया कि ये दोनों आरोपित ही बम निर्माण की पूरी गतिविधि को संचालित कर रहे थे। इनका मकसद इलाके में दहशत और आतंक फैलाना था।
इस मामले में पहले ही चार अन्य आरोपितों को पकड़ा जा चुका है और उनके खिलाफ चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है। दिल्ली में दर्ज मामले के तहत एनआईए अब इन दोनों मुख्य आरोपितों से आगे की कड़ी पूछताछ कर रही है ताकि इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों का पता लगाया जा सके।











