मुंबई, 24 जून।
महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई सहित कई हिस्सों में आज तड़के से हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। लगातार गिर रहे पानी के कारण शहर के कई निचले इलाके पूरी तरह जलमग्र हो गए हैं, जिससे कामकाजी लोगों को भारी दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने मुंबई और पालघर के लिए रेड एलर्ट जारी किया है।
महापौर रीतू तावड़े ने बताया कि मुंबई में कुल 208 मिमी बारिश दर्ज की गई है। सायन, किंगसर्कल, दादर, लालबाग और अंधेरी सब-वे जैसे इलाकों में पानी भर गया है। जगह-जगह पंप लगाकर पानी निकालने का काम जोरों पर है। कम समय में हुई अत्यधिक बारिश के कारण यह स्थिति बनी है, जिसके स्थायी समाधान के लिए भविष्य में ठोस कदम उठाए जाएंगे।
बारिश का सीधा असर मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेनों, मेट्रो और बस सेवाओं पर भी पड़ा है। यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है, हालांकि काफी मशक्कत के बाद सेवाओं को धीरे-धीरे बहाल करने की कोशिशें की जा रही हैं।
भारतीय मौसम विभाग ने रायगढ़, ठाणे और सिंधुदुर्ग के लिए ओरेंज एलर्ट जारी करते हुए समुद्र में 3.41 मीटर ऊंचे ज्वार की चेतावनी भी दी है। साथ ही 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है, जिसे देखते हुए जिला प्रशासन को पूरी तरह अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।
बीते 24 घंटों में राममंदिर, कुलाबा और सांताक्रूज़ जैसे इलाकों में 200 मिमी से अधिक बारिश दर्ज हुई है। भारी बरसात के कारण दादर में कारों पर पेड़ गिरने और विक्रोली में दीवार ढहने की घटनाएं भी सामने आई हैं। वसई-विरार में भी निचले इलाकों में पानी घुसने का खतरा बना हुआ है, जिससे स्थानीय लोग दहशत में हैं।











