भोपाल, 24 जून।
भोपाल संभाग के संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने बुधवार को संभागीय कार्यालय का आकस्मिक निरीक्षण कर विभिन्न शाखाओं की कार्यप्रणाली, अभिलेख संधारण और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने राजस्व प्रकरणों की प्रगति और कार्यालयीन कार्यों के संचालन की जानकारी भी प्राप्त की।
निरीक्षण के समय संभागायुक्त ने विभिन्न अनुभागों में पहुंचकर कर्मचारियों से कार्यप्रणाली, फाइल प्रबंधन और ऑनलाइन प्रक्रियाओं के संबंध में चर्चा की। उन्होंने लंबित कार्यों की स्थिति का जायजा लेते हुए प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने पर जोर दिया।
संभागायुक्त ने स्थापना, लेखा और राजस्व शाखाओं में साफ-सफाई बनाए रखने तथा फाइलों के व्यवस्थित संधारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यालयीन अभिलेखों का सुव्यवस्थित रखरखाव कार्यों के त्वरित निष्पादन के लिए आवश्यक है।
इस दौरान उन्होंने सभी अधिकारी और कर्मचारियों के लिए बायोमेट्रिक अटेंडेंस प्रणाली लागू करने के निर्देश भी दिए। उनका कहना था कि इससे कार्यालयों में अनुशासन, जवाबदेही और पारदर्शिता को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने अपर आयुक्त राजस्व कार्यालय में रिकॉर्ड संधारण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा और निर्देश दिए कि दस्तावेजों की शुद्धता एवं सुव्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि विभागीय कार्यों में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो।
निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त शिवराज सिंह वर्मा भी उपस्थित रहे। अधिकारियों को प्रशासनिक कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।















