कोलकाता, 24 जून।
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के तारातला इलाके में बुधवार दोपहर एक बड़ा हादसा हुआ। यहां निर्माणाधीन तीन मंजिला वेयरहाउस का ढांचा अचानक भरभराकर गिर गया। मलबे के नीचे कई मजदूरों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, घटना दोपहर के समय ट्रांसपोर्ट डिपो रोड के पास ब्रेस ब्रिज के नजदीक हुई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत बचाव दल मौके पर पहुंच गए। अभी तक 10 घायलों को सुरक्षित निकालकर अस्पताल भेजा जा चुका है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि निर्माण कार्य के दौरान भारी लोहे की बीम और कंक्रीट का हिस्सा अचानक नीचे आ गिरा। मलबे के नीचे से लोगों के चिल्लाने और मदद की गुहार लगाने की आवाजें सुनाई दे रही हैं।
दमकल विभाग के अधिकारियों का आरोप है कि इस निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा था। हादसे के समय मजदूर वहां कास्टिंग का काम कर रहे थे, तभी यह पूरा ढांचा ढह गया।
राहत और बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। कोलकाता पुलिस, आपदा प्रबंधन समूह, नागरिक सुरक्षा और दमकल विभाग की टीमें लगी हुई हैं। मलबे को हटाने के लिए सेना की मदद के साथ क्रेन और भारी मशीनों को लगाया गया है।
बचावकर्मी गैस कटर और वर्टिकल ड्रिलिंग मशीनों की मदद से मलबे के अंदर तक पहुंचने का प्रयास कर रहे हैं। आपदा प्रबंधन विभाग के सदस्यों का कहना है कि वे मलबे में फंसे लोगों की आवाज का पीछा कर रहे हैं और उन्हें बाहर निकालने के लिए हर संभव कोशिश की जा रही है।
मंत्री इंद्रनील खान ने कहा कि अभी प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों को बचाना है। बाद में दुर्घटना के कारणों और अनियमितताओं की पूरी जांच की जाएगी।











