फर्रुखाबाद, 24 जून।
फर्रुखाबाद जिले के अमृतपुर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक साधु की मौत हो गई, जबकि उनका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा दयानंद इंटर कॉलेज के पास उस समय हुआ, जब सड़क किनारे खड़ी एक कार को तेज रफ्तार डंपर ने पीछे से टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार मैनपुरी जिले के चौहान चौराहा क्षेत्र निवासी 40 वर्षीय गंगा भारती उर्फ रामू बाबा अपने एक साथी के साथ मारुति कार से जरियानपुर की ओर जा रहे थे। रास्ते में किसी कार्य के चलते उन्होंने अमृतपुर क्षेत्र में दयानंद इंटर कॉलेज के निकट कार सड़क किनारे रोक दी और बातचीत करने लगे।
इसी दौरान फर्रुखाबाद की ओर से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें बैठे दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
पुलिस ने 108 एंबुलेंस की सहायता से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद गंगा भारती को मृत घोषित कर दिया। बताया गया है कि वह शमशाबाद में अपने शिष्यों से मिलने जा रहे थे।
दूसरे घायल की स्थिति गंभीर बनी हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर किए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही हादसे के बाद फरार हुए डंपर चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

















