राजनीति
24 Jun, 2026

ब्रिटेन दौरे पर जाएंगे पीयूष गोयल, व्यापार साझेदारी पर रहेगा फोकस

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल 25 से 27 जून तक ब्रिटेन दौरे पर रहेंगे, जहां भारत-यूके व्यापार समझौतों, निवेश सहयोग और आर्थिक साझेदारी को मजबूत बनाने पर महत्वपूर्ण बैठकें होंगी।

नई दिल्ली, 24 जून।

भारत और ब्रिटेन के बीच आर्थिक सहयोग को नई मजबूती देने की दिशा में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल 25 से 27 जून तक यूनाइटेड किंगडम के आधिकारिक दौरे पर रहेंगे। यह यात्रा भारत-ब्रिटेन व्यापक आर्थिक एवं व्यापार समझौते और डबल कंट्रीब्यूशन कन्वेंशन के 15 जुलाई से प्रभावी होने से पहले हो रही है, जिसे द्विपक्षीय आर्थिक संबंधों के लिए अहम माना जा रहा है।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार दौरे के दौरान पीयूष गोयल ब्रिटेन के बिजनेस एंड ट्रेड सचिव पीटर काइल के साथ उच्चस्तरीय बैठक करेंगे। इस दौरान दोनों देशों के बीच आर्थिक साझेदारी को और मजबूत बनाने के साथ ही नए व्यापारिक समझौतों के क्रियान्वयन की तैयारियों की समीक्षा की जाएगी।

बैठक में नियामकीय समन्वय, सीमा शुल्क प्रक्रियाओं को सरल बनाने तथा समझौतों के प्रभावी संचालन के लिए आवश्यक प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर चर्चा होगी। साथ ही टैरिफ उदारीकरण से जुड़ी तैयारियों की भी समीक्षा की जाएगी, जिससे भारतीय निर्यातकों के लिए ब्रिटेन के बाजार में नए अवसर खुलने की उम्मीद है।

डबल कंट्रीब्यूशन कन्वेंशन के क्रियान्वयन को लेकर भी विस्तृत विचार-विमर्श होगा। इस व्यवस्था से विदेश में अस्थायी रूप से कार्यरत पेशेवरों और कर्मचारियों को दोहरे सामाजिक सुरक्षा अंशदान की समस्या से राहत मिलने की संभावना है, जिससे वैश्विक स्तर पर पेशेवरों की आवाजाही को प्रोत्साहन मिलेगा।

दौरे के दौरान दोनों देशों के बीच सेवा क्षेत्र में बाजार पहुंच, निवेश सहयोग और व्यापार विस्तार से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की जाएगी। यह पहल विकसित भारत के लक्ष्य के अनुरूप वैश्विक आर्थिक अवसरों को बढ़ाने और पारदर्शी व्यापारिक ढांचे को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

पीयूष गोयल इंडिया ग्लोबल फोरम के उद्घाटन सत्र को भी संबोधित करेंगे। इस दौरान भारत-यूके व्यापार समझौते के लागू होने के बाद उभरने वाले वैश्विक कारोबारी अवसरों पर चर्चा होगी। इसके अलावा वह कई प्रमुख अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अलग-अलग बैठकें कर भारत में निवेश, औद्योगिक सहयोग और विनिर्माण साझेदारी बढ़ाने के संभावित अवसरों पर विचार-विमर्श करेंगे।

केंद्रीय मंत्री यूके-इंडिया बिजनेस काउंसिल द्वारा आयोजित कारोबारी कार्यक्रमों में भी भाग लेंगे, जहां बहुराष्ट्रीय कंपनियों के शीर्ष अधिकारियों के साथ व्यापार और निवेश के नए आयामों पर चर्चा होगी। इसके साथ ही लंदन में आयोजित विशेष गोलमेज बैठक में वैश्विक वित्तीय और औद्योगिक संस्थानों के प्रतिनिधियों के साथ भारत की औद्योगिक प्रतिस्पर्धा, निवेश वातावरण और वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला में उसकी भूमिका पर विचार साझा किए जाएंगे।

दौरे के अंतिम चरण में पीयूष गोयल भारतीय उद्योग प्रतिनिधियों, ब्रिटिश-भारतीय कारोबारी समुदाय और वैश्विक शिक्षा संस्थानों के प्रतिनिधियों से भी संवाद करेंगे। माना जा रहा है कि यह यात्रा भारत-ब्रिटेन आर्थिक संबंधों को नई गति देने और द्विपक्षीय व्यापार को विस्तार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

|
आज का राशिफल

आपके पूंजीगत निवेशों से भी लाभ होगा। पारिवारिक उत्तरदायित्व अधिक रहेंगे। पदोन्नति मिलने का योग है। आमदनी में वृद्घि होगी। यात्रा में सावधानी बरतें। क्षमता से अधिक कार्य करने से मर्ज बिगड़ सकता है। मनचाहा स्थानान्तरण मिल सकता है। अपने लक्ष्य के प्रति सजग रहें। शुभांक-2-5-6

आज का मौसम

भोपाल

24° / 34°

Heavy thunderstorm

ट्रेंडिंग न्यूज़