नई दिल्ली, 24 जून।
दक्षिणी दिल्ली में फुटपाथ पर सो रही 10 साल की मासूम को किडनैप कर उसकी दुष्कर्म के बाद हत्या करने का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। बच्ची के आखिरी शब्द "पापा मुझे बचा लो" सुनकर पिता उसके पीछे भागे, लेकिन आरोपी कार सवार उसे ले उड़ने में कामयाब रहा।
सोमवार रात बच्ची अपने माता-पिता और भाई-बहनों के साथ फुटपाथ पर सो रही थी। नशे में धुत एक ऐप-आधारित कैब ड्राइवर बबलू ने मौका देखकर उसे अगवा कर लिया। पिता ने शोर सुनकर पीछा भी किया, लेकिन गाड़ी ओझल हो गई। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने तत्काल हरकत में आते हुए सीसीटीवी फुटेज खंगाले। गाड़ी का नंबर नहीं दिखने पर ऐप से ट्रिप की जानकारी मांगी गई। जीपीएस और मोबाइल लोकेशन के जरिए चार घंटे के भीतर ही पुलिस ने आरोपी को पश्चिमी दिल्ली के विकासपुरी से धर दबोचा।
आरोपी ने पूछताछ में अपना गुनाह कबूल लिया। उसने बताया कि वह बच्ची को 20 किलोमीटर दूर गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड पर सुनसान इलाके में ले गया। वहां उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया और दुपट्टे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
हैरान करने वाली बात यह है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने बड़ी बेफिक्री से एक सवारी को पिक किया और उसे ड्रॉप भी किया। वह सामान्य व्यवहार कर रहा था। आरोपी का बिहार में पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है। मंगलवार को पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश में वह मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने से घायल हो गया।











