मुरैना, 24 जून।
झांसी मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) अनिरुद्ध कुमार ने बुधवार को ग्वालियर-कैलारस और रायरू-हेतमपुर रेलखंड का विस्तृत निरीक्षण कर रेल संरक्षा, विकास कार्यों और यात्री सुविधाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण की शुरुआत ग्वालियर-कैलारस रेलखंड से हुई, जहां डीआरएम ने कैलारस स्टेशन के निकट चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य तय समयसीमा में गुणवत्तापूर्वक पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
इस दौरान स्टेशन मास्टर कक्ष, बैटरी रूम, कैटरिंग स्टॉल और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया। अग्नि सुरक्षा से संबंधित इंतजामों की भी जांच की गई और आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
डीआरएम ने रायरू माल गोदाम में चल रहे निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यों की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों से गुणवत्ता और समयबद्धता बनाए रखने को कहा। इसके अलावा चंबल ब्रिज सहित विभिन्न रेल संरचनाओं और परिचालन व्यवस्थाओं का भी परीक्षण किया गया।
हेतमपुर-धौलपुर रेलखंड में चल रहे मरम्मत कार्यों की समीक्षा करते हुए डीआरएम ने उन्हें निर्धारित अवधि में पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने हेतमपुर से चंबल ब्रिज तक रेल ट्रैक और संरचनाओं का पैदल निरीक्षण कर संरक्षा संबंधी पहलुओं की बारीकी से जांच की।
डीआरएम अनिरुद्ध कुमार ने कहा कि रेल संरक्षा, यात्री सुविधाओं और अधोसंरचना विकास से जुड़े सभी कार्यों में गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और बेहतर रेल सेवाएं मिल सकें।















