भोपाल, 24 जून।
मध्य प्रदेश में नगरीय निकायों और पंचायतों की मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण-2026 की तैयारियों को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग ने समीक्षा बैठक बुलाई है। यह बैठक 29 जून को शाम 4:30 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की जाएगी।
राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव दिनेश श्रीवास्तव ने बताया कि बैठक में प्रदेश के सभी उप जिला निर्वाचन अधिकारी (स्थानीय निर्वाचन), रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा सहायक अधीक्षक (स्थानीय निर्वाचन) शामिल होंगे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की प्रगति की समीक्षा करना और सूची को अधिक सटीक एवं अद्यतन बनाने की दिशा में आवश्यक निर्देश देना है।
समीक्षा के दौरान अनुपस्थित मतदाता, स्थानांतरित मतदाता, मृत मतदाता तथा डुप्लीकेट नामों की जांच से जुड़े मामलों पर विशेष चर्चा की जाएगी। इसके अलावा मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं की भी समीक्षा की जाएगी।
राज्य निर्वाचन आयोग का उद्देश्य नगरीय निकाय और पंचायत चुनावों के लिए मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाना है, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और प्रभावी तरीके से संचालित हो सके।















