कानपुर, 30 जून।
शहर में कराटे खिलाड़ी अरविंद पासवान पर हुए जानलेवा हमले का खुलासा पुलिस ने महज 20 घंटे के भीतर कर दिया है। सोमवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई एक मुठभेड़ में दो मुख्य आरोपियों को धर दबोचा गया है।
यह मामला ग्वालटोली क्षेत्र का है, जहां बीयर के पैसे मांगने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। इसी दौरान आरोपियों ने अरविंद पर फायरिंग कर दी थी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। फिलहाल अस्पताल में उनका उपचार चल रहा है और स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की कई टीमें सक्रिय थीं। गुप्त सूचना पर टेप्को मिल परिसर में घेराबंदी की गई तो बदमाशों ने पुलिस पर गोलियां चला दीं। आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरि सिंह उर्फ शुभम और अनुराग खुराना उर्फ शैबी के रूप में हुई है। पूछताछ में उन्होंने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने उनके पास से अवैध तमंचा और कारतूस भी बरामद किए हैं।
घटना में शामिल तीसरा आरोपी ऋषभ उर्फ मांगू अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में सफल रहा। उसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।












.jpg)


