अपराध
30 Jun, 2026

होटल में छिपा भूमाफिया गिरफ्तार, 31 लाख की ठगी का आरोप

जयपुर पुलिस ने फर्जी दस्तावेजों के जरिए जमीनों की ठगी करने के आरोपित भूमाफिया को होटल से गिरफ्तार किया है, जिस पर 31 लाख रुपये की धोखाधड़ी सहित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

जयपुर, 30 जून।

जयपुर पुलिस ने फर्जी दस्तावेजों के जरिए करोड़ों रुपये की जमीनों पर कब्जे की साजिश रचने वाले एक भूमाफिया को गिरफ्तार किया है। करीब छह महीने तक तकनीकी निगरानी, रेकी और लगातार पीछा करने के बाद पुलिस ने आरोपित को जयपुर के एक होटल से दबोच लिया, जहां वह पहचान छिपाकर रह रहा था।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपित की पहचान जोधपुर निवासी 54 वर्षीय राजेश पुरोहित के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि वह शहर की विभिन्न आवासीय योजनाओं में ऐसे खाली भूखंड तलाशता था, जिनकी नियमित देखरेख नहीं होती थी। इसके बाद संबंधित भूखंडों के मालिकों की जानकारी जुटाकर उनके नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार करता और उन्हें असली बताकर खरीदारों से विक्रय इकरारनामा कर एडवांस राशि अपने खातों में जमा करा लेता था। बाद में रकम निकालकर ठिकाने लगा देता था।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपित बिना किसी वैध डिग्री के अपने नाम के आगे डॉक्टर लिखता था। वह दिव्यांग होने का लाभ उठाकर लोगों का भरोसा जीतता और खुद की प्रभावशाली छवि बनाकर ठगी की वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस के अनुसार ठगी से अर्जित रकम से वह महंगे होटलों में रहकर फरारी काट रहा था। उसे 28 जून को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसके अन्य साथियों की तलाश जारी है।

पुलिस ने बताया कि आरोपित के खिलाफ जोधपुर, नागौर और जयपुर में धोखाधड़ी, जालसाजी, नकली दवाओं के कारोबार और अन्य गंभीर मामलों के आधा दर्जन से अधिक प्रकरण दर्ज हैं। वह जोधपुर के खांडा फलसा थाने के दो स्थायी वारंटों में भी लंबे समय से फरार था। उसके विरुद्ध वर्ष 2003 से लगातार विभिन्न आपराधिक मामले दर्ज हैं।

झोटवाड़ा थाना क्षेत्र में दर्ज 31 लाख रुपये की ठगी के मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मोबाइल कॉल डिटेल, बैंक खातों के लेनदेन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। इसके आधार पर आरोपित के नेटवर्क का पता चला और साइबर सेल की मदद से उसकी लोकेशन ट्रैक कर होटल से गिरफ्तार कर लिया गया।

|
आज का राशिफल

पूर्व नियोजित कार्यक्रम सरलता से संपन्न हो जाएंगे। जोखिम से दूर रहना ही बुद्घिमानी होगी। शुभ कार्यों की प्रवृत्ति बनेगी और शुभ समाचार भी मिलेंगे। किसी से कहा सुनी न हो यही ध्यान रहे। अपना कार्य दूसरों के सहयोग से बना लेंगे। लाभकारी गतिविधियों में सक्रियता रहेगी। शुभांक-1-4-6

आज का मौसम

भोपाल

25° / 28°

Heavy thunderstorm

ट्रेंडिंग न्यूज़