संपादकीय
30 Jun, 2026

डिजिटल डकैती पर लगेगा ताला आहा! ऐप से पुलिस का संवाद होगा फुलप्रूफ

मध्य प्रदेश पुलिस ने गोपनीय बैठकों और संवेदनशील सूचनाओं की सुरक्षा बढ़ाने के लिए अपना सुरक्षित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग प्लेटफॉर्म आहा! ऐप तैयार किया है।

भोपाल, 30 जून।

मध्य प्रदेश पुलिस अब साइबर अपराधियों की डिजिटल डकैती को रोकने के लिए खुद मैदान में उतर आई है। पुलिस ने अपना सुरक्षित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग प्लेटफॉर्म तैयार किया है, जिसका नाम आहा! ऐप रखा गया है। यह कदम इसलिए उठाया गया है क्योंकि जूम और गूगल मीट जैसे विदेशी ऐप पर पुलिस की गोपनीय बैठकें खतरे में पड़ रही थीं। अभी तक एटीएस, एसटीएफ और क्राइम ब्रांच जैसे संवेदनशील ऑपरेशन की रणनीति भी इन्हीं ऐप पर बनती थी। लेकिन इन ऐप के सर्वर विदेश में हैं और लिंक लीक होने का खतरा हमेशा बना रहता है। कई बार अनजान लोग बैठक में शामिल हो जाते हैं, जिससे पुलिस की पूरी योजना अपराधियों तक पहुंच सकती है। आहा! ऐप इसी डिजिटल सेंधमारी को रोकने के लिए लाया गया है।

आहा! ऐप की सबसे बड़ी ताकत यह है कि इसका नियंत्रण पूरी तरह पुलिस के पास रहेगा। इसका सर्वर, डेटा और लॉगिन सिस्टम सब पुलिस मुख्यालय की निगरानी में होगा। बाहरी व्यक्ति इसमें झांक भी नहीं सकेगा। केवल अधिकृत अधिकारी ही इससे जुड़ पाएंगे और हर गतिविधि का रिकॉर्ड दर्ज होगा। इससे थाना स्तर से लेकर पुलिस मुख्यालय तक की हर रणनीति गोपनीय रहेगी।

पुलिस का कहना है कि आहा! ऐप पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग, क्लाउड स्टोरेज, सुरक्षित चैट और ऑनलाइन बैठक जैसी सुविधाएं मिलेंगी। रेंज, जोन, जिला और थाने तक के अधिकारी एक क्लिक पर जुड़ सकेंगे। प्रशिक्षण, समीक्षा और आपात समन्वय के लिए अब किसी बाहरी ऐप पर निर्भरता खत्म हो जाएगी।

सिर्फ प्लेटफॉर्म बना देना काफी नहीं है। हर थाने में इंटरनेट और सिस्टम दुरुस्त करना होगा, हर पुलिसकर्मी को प्रशिक्षण देना होगा और समय-समय पर सुरक्षा ऑडिट भी करना होगा। यदि आहा! ऐप इस कसौटी पर खरा उतरता है, तो यह न केवल मध्य प्रदेश, बल्कि पूरे देश की पुलिस के लिए एक मिसाल बन सकता है।

|
आज का राशिफल

पूर्व नियोजित कार्यक्रम सरलता से संपन्न हो जाएंगे। जोखिम से दूर रहना ही बुद्घिमानी होगी। शुभ कार्यों की प्रवृत्ति बनेगी और शुभ समाचार भी मिलेंगे। किसी से कहा सुनी न हो यही ध्यान रहे। अपना कार्य दूसरों के सहयोग से बना लेंगे। लाभकारी गतिविधियों में सक्रियता रहेगी। शुभांक-1-4-6

आज का मौसम

भोपाल

25° / 28°

Heavy thunderstorm

ट्रेंडिंग न्यूज़