सागर, 30 जून।
सागर जिले में नकली बीज के अवैध कारोबार का खुलासा करते हुए कृषि एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने जरूआखेड़ा क्षेत्र में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से सोयाबीन बीज की पैकिंग और भंडारण का मामला सामने आया। मौके से बड़ी मात्रा में बीज, पैकिंग सामग्री और फर्जी ब्रांड की बोरियां जब्त की गईं। मामले में संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
कृषि विभाग को सूचना मिली थी कि जरूआखेड़ा स्थित आलोक ट्रेडर्स के गोदाम में अवैध तरीके से सोयाबीन बीज का भंडारण और री-पैकिंग की जा रही है। सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने गोदाम पर दबिश दी, जहां मशीनों की मदद से बीज को नई बोरियों में पैक किया जा रहा था।
जांच के दौरान 40-40 किलो वजन के 29 सीलबंद बैग मिले, जिन पर अन्नपूर्णा ब्रांड दाल मिल, ललितपुर अंकित था। इसके अलावा इसी नाम की 116 खाली बोरियां भी बरामद हुईं। वहीं 50-50 किलो वजन वाले 100 जूट के बोरों में कच्चा सोयाबीन बीज रखा मिला, जिसे पैकिंग के लिए तैयार किया जा रहा था।
जांच में पता चला कि जब्त बोरियों पर दर्ज मोबाइल नंबर ललितपुर निवासी अमित जैन का है। पूछताछ में उन्होंने बताया कि उनकी अन्नपूर्णा दाल मिल करीब पांच वर्ष पहले बंद हो चुकी है। इसके बावजूद आलोक ट्रेडर्स द्वारा उनकी फर्म के नाम और मोबाइल नंबर का कथित रूप से उपयोग किया जा रहा था। उन्होंने मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।
कृषि विभाग ने बरामद सामग्री जब्त कर बीज गुण नियंत्रण आदेश के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। किसानों के साथ धोखाधड़ी की आशंका को देखते हुए आलोक ट्रेडर्स के संचालक आलोक जैन के खिलाफ पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई गई है।
अधिकारियों ने बताया कि खरीफ सीजन के दौरान नकली खाद और बीज के अवैध कारोबार पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। किसानों के हितों के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।












.jpg)


