मीरजापुर, 30 जून।
मीरजापुर पुलिस ने कछवां थाना क्षेत्र में स्वर्ण व्यवसायी लूटकांड का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटे गए आभूषण, घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल, एक अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार 28 जून को कछवां बाजार निवासी स्वर्ण व्यवसायी अजय केशरी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह जलालपुर स्थित अपनी आभूषण की दुकान बंद कर शाम के समय लौट रहे थे। इसी दौरान सबेसर के पास मोटरसाइकिल सवार तीन बदमाशों ने उनसे लूट की वारदात को अंजाम दिया। मामले में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीमों ने सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। इसके बाद थाना कछवां और एसओजी/सर्विलांस की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर दो स्थानों पर कार्रवाई कर तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अमन दुबे, कपिल यादव और गणेश प्रताप सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूट से जुड़े पांच पायल, दो टॉप्स, एक लॉकेट, एक मोबाइल फोन, अपाचे मोटरसाइकिल तथा अमन दुबे के पास से एक देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
पूछताछ में अमन दुबे ने बताया कि उसकी मुलाकात अंबेडकरनगर जेल में गणेश प्रताप सिंह से हुई थी। जेल से बाहर आने के बाद गणेश के बुलाने पर वह मीरजापुर पहुंचा, जहां कपिल यादव से मुलाकात हुई। इसके बाद तीनों ने मिलकर लूट की वारदातों को अंजाम देना शुरू किया।
पुलिस ने तीनों आरोपितों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।












.jpg)


