कठुआ, 30 जून।
शहर में सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। मुख्य थाने से चंद कदमों की दूरी पर स्थित कोर्ट रोड पर एक जनरल स्टोर को निशाना बनाते हुए शातिर चोर लाखों के नोटों के हार ले उड़े।
दुकान मालिक ने सुबह जब ताले टूटे देखे तो उनके होश उड़ गए। जांच में पता चला कि लगभग डेढ़ से दो लाख रुपये मूल्य के नोटों के हार गायब हैं। इस घटना ने प्रशासन और पुलिस की सक्रियता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
हैरानी की बात यह है कि यह इलाका सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में है और यहां रात भर चहल-पहल रहती है। पास में ही जिला कोर्ट है और सुरक्षा के लिए जवान भी तैनात रहते हैं, फिर भी चोरों ने इतनी बड़ी चोरी कर ली।
स्थानीय निवासियों ने इस घटना के बाद गहरा रोष प्रकट किया है। लोगों का मानना है कि नशे की गिरफ्त में जा रहे युवा ऐसे अपराधों को बढ़ावा दे रहे हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।
अधिकारियों का कहना है कि वे मामले की जांच कर रहे हैं और जल्द ही इन चोरों को पकड़कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।












.jpg)


