जम्मू, 30 जून।
जम्मू-कश्मीर में मौसम का मिजाज जल्द ही बदलने वाला है। श्रीनगर मौसम विभाग के अनुसार, आज दोपहर तक गर्मी और शुष्कता बनी रहेगी, लेकिन इसके बाद मौसम में बदलाव की शुरुआत होगी। अगले 24 से 48 घंटों के भीतर जम्मू के मैदानी इलाकों में मानसून से पहले की बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।
विभाग ने पूर्वानुमान जारी करते हुए कहा है कि 1 जुलाई से 5 जुलाई तक केंद्र शासित प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होगी। वहीं, 2 से 4 जुलाई के बीच कहीं-कहीं भारी बारिश, तेज हवाएं और अचानक तीव्र बौछारें पड़ने का अनुमान है। 6 से 8 जुलाई तक मौसम गर्म और आर्द्र बना रहेगा, साथ ही हल्की बारिश की स्थिति बनी रहेगी।
प्रशासन ने चेतावनी जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। 30 जून तक लू चलने की आशंका है, इसके बाद भारी बारिश के कारण जम्मू मंडल और दक्षिण कश्मीर के पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और अचानक बाढ़ जैसे हालात बन सकते हैं।
निवासियों से आग्रह किया गया है कि वे नदियों, नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों के निकट जाने से बचें। भारी वर्षा के चलते 2 और 3 जुलाई को निचले इलाकों में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो सकती है। प्रशासन ने स्थिति पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।











.jpg)


