राजौरी, 30 जून।
राजौरी जिले के स्वास्थ्य विभाग में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जिसने अधिकारियों के बीच हड़कंप मचा दिया है। पल्स पोलियो अभियान को लेकर जारी एक विवादास्पद पोस्टर पर ‘पोलियो फ्री पाकिस्तान’ का नारा और नेशनल इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर का लोगो देखकर सब हैरान हैं।
इस पोस्टर के सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुपों में वायरल होने के बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) ने इसे अत्यंत गंभीरता से लिया है। मामले की जांच के लिए ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर (BMO) कंडी से तत्काल प्रभाव से विस्तृत स्पष्टीकरण और तथ्यात्मक रिपोर्ट तलब की गई है।
पोस्टर में बीएमओ कंडी का नाम होने से यह संदेश गया कि यह सामग्री आधिकारिक है। हालांकि, विभागीय जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि इस पर छपे नारे और लोगो का भारत सरकार या जम्मू-कश्मीर के किसी भी आधिकारिक स्वास्थ्य कार्यक्रम से कोई लेना-देना नहीं है।
अधिकारियों का मानना है कि इस तरह की अनधिकृत सामग्री से सरकारी स्वास्थ्य अभियानों के प्रति आम लोगों में गहरा भ्रम फैल सकता है। सीएमओ डॉ. एम.एल. राणा ने कड़े लहजे में पूछा है कि यह पोस्टर किसके निर्देश पर तैयार हुआ और इसके लिए अनुमति किसने दी।
इस मामले में भविष्य की कार्रवाई के लिए विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। सीएमओ ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते संतोषजनक जवाब नहीं मिला, तो पोस्टर के निर्माण और प्रसार के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।











.jpg)


