जम्मू, 30 जून।
तवी रिवर फ्रंट पर स्थित पंजीकरण केंद्र पर आज श्रद्धालुओं ने जमकर हंगामा किया। उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान और पंजाब से पहुंचे शिवभक्तों ने जम्मू प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। यात्रियों का आरोप है कि सुगम यात्रा के तमाम दावे कागजी साबित हो रहे हैं और केंद्रों पर बुनियादी सुविधाओं का घोर अभाव है।
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि भीषण गर्मी के बीच मात्र कुछ काउंटरों के भरोसे हजारों लोगों को छोड़ा गया है। वरिष्ठ नागरिकों और महिलाओं के लिए कोई अलग कतार न होने से वहां भारी धक्का-मुक्की के हालात बन गए। श्रद्धालुओं ने यह भी आरोप लगाया कि जब उन्होंने इस अव्यवस्था का विरोध किया, तो सुरक्षाकर्मियों ने उन पर लाठीचार्ज कर दिया।
आक्रोशित यात्रियों ने मांग की है कि पंजीकरण केंद्रों पर काउंटरों की संख्या तत्काल प्रभाव से बढ़ाई जाए। उन्होंने प्रशासन से यह भी अपेक्षा की कि श्रद्धालुओं के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किया जाए और व्यवस्था में सुधार लाया जाए ताकि वे बिना किसी परेशानी के बाबा बर्फानी के दर्शन कर सकें।











.jpg)


