रायपुर, 30 जून।
राजधानी में नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार रंग ला रहा है। इसी क्रम में सिटी कोतवाली पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। कुख्यात मादक पदार्थ तस्कर मुकेश उर्फ 'मुकेश बनिया' की अवैध रूप से अर्जित 42 लाख रुपये की संपत्तियां फ्रीज कर दी गई हैं। मुंबई स्थित सफिमा के सक्षम प्राधिकारी ने इस कार्रवाई पर मुहर लगा दी है।
पुलिस अब तस्करों की केवल गिरफ्तारी ही नहीं, बल्कि उनके पूरे आर्थिक साम्राज्य को ढहाने में जुटी है। वित्तीय जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मुकेश बनिया ने अवैध कारोबार से मोटी कमाई कर आवासीय मकान और तीन वाहन खरीदे थे। इसके बाद एनडीपीएस एक्ट के तहत इन संपत्तियों को फ्रीज करने का प्रस्ताव भेजा गया था।
आरोपित मुकेश पर हत्या, मारपीट और एनडीपीएस एक्ट समेत करीब 31 आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसे इसी साल फरवरी में गांजा और नशीली गोलियों के साथ गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने उसके द्वारा संचालित हाईटेक गांजा हाइडआउट का भी पर्दाफाश किया था।
फ्रीजिंग ऑर्डर की पुष्टि होने के बाद अब इन संपत्तियों को बेचना या गिरवी रखना प्रतिबंधित हो गया है। आरोपित को अब इन संपत्तियों के वैध आय के स्रोत साबित करने होंगे। यदि वह ऐसा करने में नाकाम रहता है, तो शासन द्वारा इन्हें स्थायी रूप से जब्त कर लिया जाएगा।












.jpg)


