हल्दिया, 30 जून।
पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले स्थित हल्दिया रिफाइनरी में मंगलवार तड़के एक भीषण हादसा हो गया। यहाँ नैफ्था पाइपलाइन में अचानक आग लग गई, जिससे परिसर में हड़कंप मच गया। इस दुर्घटना की चपेट में आने से कई श्रमिक गंभीर रूप से झुलस गए हैं।
हादसा सुबह करीब चार बजे हुआ। संभावना जताई जा रही है कि पाइपलाइन फटने के कारण नैफ्था का रिसाव हुआ और आग भड़क उठी। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। स्थिति गंभीर होने के कारण कुछ घायलों को तमलुक मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
आग की तीव्रता को देखते हुए दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर जुटी हैं और राहत एवं बचाव अभियान जारी है। घटनास्थल रिफाइनरी के पास होने के चलते रेल यातायात भी कुछ समय के लिए बाधित हुआ। फिलहाल रिफाइनरी प्रबंधन ने हादसे को लेकर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है।



















