गाजियाबाद, 30 जून।
लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र में एक छोटी सी सड़क दुर्घटना ने 17 वर्षीय किशोर की जान ले ली। बाइक और कार की मामूली टक्कर के बाद उपजे विवाद ने इतना हिंसक रूप ले लिया कि किशोर को पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया गया।
मृतक की पहचान जैद के रूप में हुई है, जो अपने दो दोस्तों के साथ स्विमिंग पूल से वापस लौट रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद कार सवार हमलावरों ने गाली-गलौज करते हुए जैद के साथ मारपीट की और उसे जबरन उठाकर एक प्रॉपर्टी डीलर के दफ्तर ले गए।
वहां दोनों आरोपियों ने किशोर को बेरहमी से पीटा, जिससे वह मौके पर ही बेहोश हो गया। हमले के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए, जिसके बाद दोस्त घायल जैद को ई-रिक्शा के जरिए आनन-फानन में घर ले गए।
परिजनों ने उसे दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस उपायुक्त सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि मामला रोडरेज का है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
इस घटना से इलाके में आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है। स्थानीय निवासी आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग कर रहे हैं।












.jpg)


