बुलंदशहर, 30 जून।
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में मंगलवार की सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग-34 पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। सिकंदराबाद क्षेत्र में सचिन होटल के समीप एक ई-रिक्शा और ऑटो के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में ई-रिक्शा चालक और एक सब्जी विक्रेता की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है।
मृतकों की पहचान ई-रिक्शा चालक शब्बीर (निवासी मोहल्ला गौरखी) और सब्जी विक्रेता बिन्नामी (निवासी मोहल्ला छांसियावाड़ा) के रूप में हुई है। वहीं, मोहल्ला पत्थरबाड़ा निवासी पुनीत इस हादसे में घायल हुआ है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
दुर्घटना के बाद राजमार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात को पुनः सुचारू कराया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



















