बहराइच, 30 जून।
बहराइच जिले के हुजूरपुर थाना परिसर में सोमवार देर शाम एक दुखद घटना सामने आई, जहाँ 25 वर्षीय महिला आरक्षी ज्योति पासवान का शव उनके कमरे में फंदे से लटका पाया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुँच गए।
थानाध्यक्ष विपिन सिंह ने जानकारी दी कि महाराजगंज की रहने वाली ज्योति पासवान 2019 बैच की आरक्षी थीं और पिछले डेढ़ साल से हुजूरपुर थाने में अपनी सेवाएं दे रही थीं। सोमवार शाम करीब 5 बजे वह जिला मुख्यालय से वापस थाना लौटीं और अपने कमरे में चली गईं। कुछ देर बाद जब पुलिसकर्मी उनके कमरे में पहुँचे, तो उन्हें शव फंदे से लटका मिला।
आनन-फानन में उन्हें नीचे उतारकर चिकित्सकों के पास ले जाया गया, जहाँ उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल पर पहुँची फॉरेंसिक टीम साक्ष्य जुटाने में लगी है और पुलिस मौत के हर संभावित पहलू की गहन जांच कर रही है। फिलहाल इस घटना के पीछे के वास्तविक कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।












.jpg)


