आगरा, 30 जून।
आगरा में मंगलवार को लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती के अवसर पर आयोजित प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। एत्मादपुर के मॉडल स्कूल ग्राउंड में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में वे प्रतिमा का लोकार्पण करने के साथ ही एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे।
कार्यक्रम की रूपरेखा के अनुसार, लोकसभा अध्यक्ष दोपहर 12:00 बजे मथुरा पहुंचेंगे और वहां से सड़क मार्ग द्वारा आगरा आएंगे। सर्किट हाउस में अल्प विश्राम के पश्चात वे दोपहर 2:00 बजे कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे। प्रतिमा अनावरण के बाद अपराह्न 3:00 बजे वे नई दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।
इस आयोजन में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को भी आमंत्रण भेजा गया है। फिलहाल, महाराष्ट्र विधान परिषद अध्यक्ष प्रो. राम शिंदे की उपस्थिति सुनिश्चित हो चुकी है, जो दोपहर 2:00 बजे आगरा पहुंचेंगे और शाम 4:30 बजे दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।
मातेश्वरी अहिल्याबाई होल्कर केंद्रीय जयंती समारोह समिति के अध्यक्ष निहाल सिंह बघेल के अनुसार, मॉडल स्कूल मैदान में 30 से 40 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। आयोजन को सफल बनाने के लिए एत्मादपुर, टूंडला, फिरोजाबाद और एटा जैसे आसपास के जनपदों में व्यापक जनसंपर्क किया गया है। बघेल समाज के साथ-साथ सर्व समाज की सक्रिय भागीदारी की उम्मीद जताई जा रही है, क्योंकि यह एक सामाजिक आयोजन है जिसमें सभी को आमंत्रित किया गया है।



















