उन्नाव, 01 जुलाई।
उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर आज तड़के एक भीषण सड़क हादसा हुआ। इस दर्दनाक दुर्घटना में एक कार सवार परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि बस में सवार 17 यात्री घायल हुए हैं।
हादसा बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के देवखरी गांव के पास हुआ। फरीदाबाद से बिहार जा रही एक बस के चालक को झपकी आने से अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी तरफ जा गिरी और वहां से गुजर रही कार से टकरा गई।
कार लखनऊ से मथुरा की ओर जा रही थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार सवार पांच लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। अन्य चार घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
मृतकों की पहचान दिव्या, अमृता, अंजू, धुनमुन और चालक विनोद के रूप में हुई है, जो संत कबीरनगर के निवासी थे। प्रशासन के अनुसार, बस में सवार घायलों की स्थिति सामान्य है।
घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी घनश्याम मीना और पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह समेत आला अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर मार्ग सुचारू कर दिया गया है और परिजनों को सूचित कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।



















