देवरिया, 1 जुलाई।
उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में पारिवारिक विवाद के चलते एक दुखद घटना सामने आई है। बरहज कस्बे के पुरानी बरहज मोहल्ला निवासी दो सगे भाइयों ने शादी के मुद्दे पर हुए मतभेद के कारण जहरीला पदार्थ का सेवन कर लिया। इस घटना में छोटे भाई केशव गोस्वामी (21) की मृत्यु हो गई है, जबकि बड़े भाई विष्णु गोस्वामी (25) का गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजकुमार गिरी के पांच बेटों में से दो के विवाह को लेकर घर में चर्चा चल रही थी, जिसे लेकर केशव ने आपत्ति जताई थी। विवाद बढ़ने पर दोनों भाइयों ने जहर खा लिया था। हालांकि, केशव को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद घर लाया गया था, लेकिन उसने पुनः जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया, जिससे उसकी जान चली गई। क्षेत्राधिकारी राजेश चतुर्वेदी ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच की जा रही है। इस घटना ने शादी की खुशियों के बीच पूरे परिवार और मोहल्ले को गहरे सदमे में डाल दिया है।



















