खड़गपुर, 1 जुलाई।
पश्चिम बंगाल के खड़गपुर में एक 90 वर्षीय वृद्ध महिला के साथ अमानवीय मारपीट का मामला सामने आया है। खड़गपुर के वार्ड संख्या 19 स्थित खरिदा बाजार इलाके में अपनी सास के साथ बेरहमी से मारपीट करने के आरोप में पुलिस ने बहू को गिरफ्तार कर लिया है। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश देखा गया।
आरोप है कि महिला ने अपनी सास को जूते और झाड़ू से पीटा। जब परिवार की दूसरी बहू ने इसका विरोध किया, तो आरोपित ने उसके साथ भी मारपीट की। दूसरी बहू ने ही इस पूरी घटना का वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर साझा किया। वीडियो वायरल होने के बाद मंगलवार शाम को स्थानीय लोगों ने आरोपित के घर के सामने जोरदार प्रदर्शन किया। खड़गपुर महिला थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मामला दर्ज कर आरोपित महिला को हिरासत में ले लिया है और मामले की गहन जांच की जा रही है। इस घटना को लेकर पूरे क्षेत्र में कड़ी निंदा की जा रही है।



















