झाड़ग्राम, 1 जुलाई।
झाड़ग्राम जिले के दहिजुड़ी स्थित कुमिरकाता गांव में मंगलवार को ऐतिहासिक 'हूल दिवस' अत्यंत श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। रोसिका महल क्लब द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में खराब मौसम और भारी बारिश के बावजूद बड़ी तादाद में संताल समुदाय के लोगों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि, पूर्व आईपीएस अधिकारी एवं भाजपा की केंद्रीय प्रवक्ता भारती घोष ने वीर शहीद सिद्धू और कान्हू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने हूल दिवस को भारत के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की नींव बताया। उन्होंने कहा कि वर्ष 1855 में सिद्धू-कान्हू द्वारा ब्रिटिश शासन और शोषण के विरुद्ध छेड़ा गया विद्रोह भारतीय इतिहास का एक गौरवशाली अध्याय है। उन्होंने आगे कहा कि संताल समाज के इन महानायकों का बलिदान जमीन और स्वाभिमान की रक्षा का प्रतीक है, जो आज भी हर भारतीय को प्रेरित करता है। उत्सव के दौरान संताल समुदाय ने अपनी पारंपरिक वेशभूषा में नृत्य और गीतों के माध्यम से वीर शहीदों के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की।



















