मीरजापुर, 1 जुलाई।
उत्तर प्रदेश के मीरजापुर में मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई। चुनार कोतवाली क्षेत्र के समसपुर गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-35 पर एक अनियंत्रित डीसीएम ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। मृतकों की पहचान 30 वर्षीय गौरव श्रीवास्तव (हलुआडीह) और 28 वर्षीय सौरभ यादव (आजमगढ़) के रूप में हुई है, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही चुनार कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल डीसीएम को भी अपनी हिरासत में ले लिया है। चुनार कोतवाल विजय शंकर सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है। इस हादसे ने इलाके में शोक की लहर पैदा कर दी है।



















