कोलकाता, 1 जुलाई।
राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और महान चिकित्सक डॉ. बिधान चंद्र राय की जयंती व पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने डॉ. राय के चिकित्सा क्षेत्र में अतुलनीय योगदान और जनसेवा के प्रति उनके समर्पण को नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बताया।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर साझा किए गए अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने प्रदेश और देश के समस्त चिकित्सकों, नर्सों और स्वास्थ्य पेशेवरों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने चिकित्सा समुदाय को 'अग्रिम पंक्ति के योद्धा' की संज्ञा देते हुए कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी ये योद्धा करुणा और सेवा भाव से जीवन बचाने का कार्य करते हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार स्वास्थ्य ढांचे को सुदृढ़ करने और चिकित्सा पेशेवरों के सहयोग के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।



















