अपराध
04 Jul, 2026

15 हजार की रिश्वत लेते वन अधिकारी और चालक गिरफ्तार

झालावाड़ में एसीबी ने लकड़ी से भरे वाहनों को पास कराने के बदले 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते वन विभाग के एक अधिकारी और वाहन चालक को रंगे हाथ गिरफ्तार किया।

झालावाड़, 04 जुलाई।

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने शनिवार को झालावाड़ में कार्रवाई करते हुए वन विभाग के एक वन अधिकारी और वाहन चालक को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। दोनों पर लकड़ी से भरे वाहनों को बिना रोक-टोक गुजरने देने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है। बरामद राशि वाहन चालक की पैंट से मिली है। फिलहाल दोनों से पूछताछ की जा रही है।

एसीबी के अनुसार, परिवादी ने शिकायत में बताया था कि वह टिम्बर ट्रेडिंग का कारोबार करता है और किसानों से पेड़ खरीदकर ठेकेदार के माध्यम से कटाई कराने के बाद लकड़ी विभिन्न जिलों में आरा मशीन संचालकों, श्मशान घाटों, कारपेंटरों और अन्य ग्राहकों तक पहुंचाता है। आरोप लगाया गया कि लकड़ी से भरे वाहन झालावाड़ जिले से गुजरने के दौरान वन विभाग की गश्ती टीम उन्हें रोकती थी, वाहन चालकों के साथ मारपीट करती थी और चोरी के मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर अवैध वसूली तथा मासिक बंधी की मांग करती थी।

शिकायत के गोपनीय सत्यापन में कार्यालय उप वन संरक्षक, झालावाड़ में कार्यरत वाहन चालक फिरोज खान और क्षेत्रीय वन अधिकारी (गश्ती दल) विक्रम सिंह द्वारा लकड़ी से भरे पांच वाहनों को पास कराने के बदले प्रति वाहन पांच हजार रुपये के हिसाब से कुल 25 हजार रुपये रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। बाद में दोनों 15 हजार रुपये लेने पर सहमत हो गए।

सत्यापन पूरा होने के बाद शनिवार को एसीबी ने ट्रैप कार्रवाई की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रेरणा शेखावत के निर्देशन में टीम ने दोनों आरोपितों को परिवादी से 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान रिश्वत की राशि वाहन चालक फिरोज खान की पहनी हुई पैंट से बरामद की गई।

|
आज का राशिफल

समय नकारात्मक परिणाम देने वाला बन रहा है। ले देकर की जा रही काम की कोशिश ठीक नहीं। कार्यक्षेत्र में आगे बढऩे में रुकावट का एहसास होगा। विरोधियों के सक्रिय होने की संभावना है। कारोबारी यात्रा को फिलहाल टालें। जो चल रहा है उसे सावधानीपूर्वक संभालें। शुभांक-1-3-6

आज का मौसम

भोपाल

25° / 31°

Scattered thunderstorms

ट्रेंडिंग न्यूज़