किशनगंज, 04 जुलाई।
मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पौआखाली थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 516.81 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से स्मैक के अलावा नकदी, मोबाइल फोन और अन्य सामान भी बरामद किया है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिलने पर पौआखाली थाना क्षेत्र के एलआरपी चौक पर वाहन जांच और सघन तलाशी अभियान चलाया गया। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर दो लोगों को रोककर उनकी तलाशी ली गई। जांच में उनके पास से कुल 516.81 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अकबर अली निवासी सुरीभिट्टा वार्ड संख्या-01, थाना सुखानी, जिला किशनगंज और अनिल साहा निवासी मंगलवारी, जिला मालदा (पश्चिम बंगाल) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से 516.81 ग्राम स्मैक, तीन मोबाइल फोन, 9,672 रुपये नकद, दो लाइटर और एक ईयरफोन भी जब्त किया है।
बरामद सामान को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इस मामले में पौआखाली थाना में एनडीपीएस अधिनियम 1985 की धारा 8(सी), 21(सी) और 29 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर दोनों आरोपितों को न्यायिक प्रक्रिया के लिए गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है। यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद स्मैक की खेप कहां से लाई गई थी और इसकी आपूर्ति किन क्षेत्रों में की जानी थी। साथ ही इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में मादक पदार्थ तस्करी पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।















