मीरजापुर, 04 जुलाई।
मीरजापुर के मड़िहान थाना क्षेत्र स्थित कलवारी माफी गांव के एक आश्रम की जमीन पर कब्जा करने और रंगदारी मांगने के आरोप में न्यायालय के आदेश के बाद पुलिस ने चार नामजद समेत 14 लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच के साथ आरोपितों की तलाश में जुटी हुई है।
आश्रम के संरक्षक ब्रह्मविद्या प्रकाशानंद का आरोप है कि बीते 4 अप्रैल को गांव के पूर्व प्रधान शंकर सिंह सरौतिया, रामबाबू, रामजियावन, महावीर और 10 अज्ञात लोग आश्रम पहुंचे। शिकायत के अनुसार, सभी ने स्वयं को एक संगठित गिरोह का सदस्य बताते हुए आश्रम की भूमि पर खेती करने के बदले 10-10 लाख रुपये की रंगदारी की मांग की। आरोप है कि रकम नहीं देने पर खेती रोकने और आश्रम से जुड़े लोगों की हत्या करने की धमकी भी दी गई।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपितों ने आश्रम पहुंचकर संतों के साथ गाली-गलौज की। उस समय किसी तरह विवाद शांत कराया गया। घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने पर पीड़ित पक्ष ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया।
इसके बाद अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वितीय के आदेश पर मड़िहान पुलिस ने चार नामजद और 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी रविंद्र भूषण मौर्य ने बताया कि न्यायालय के आदेश के अनुपालन में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।















