भोपाल, 04 जुलाई।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भारत रत्न से सम्मानित पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय गुलजारी लाल नंदा की जयंती तथा स्वतंत्रता सेनानी और राष्ट्रीय ध्वज के अभिकल्पक पिंगली वेंकैया एवं स्वामी विवेकानंद की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
शनिवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री गुलजारी लाल नंदा का स्मरण करते हुए कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में उनका योगदान और श्रमिक कल्याण के लिए किए गए कार्य सदैव प्रेरणादायी रहेंगे। उन्होंने भारत रत्न से सम्मानित नंदा को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।
पिंगली वेंकैया की पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने तिरंगे को स्वरूप देकर राष्ट्र की अस्मिता, एकता और स्वाभिमान को अमिट पहचान प्रदान की। उन्होंने कहा कि पिंगली वेंकैया का राष्ट्रनिष्ठ जीवन सभी को राष्ट्र सर्वोपरि की भावना के साथ अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने की प्रेरणा देता है।
स्वामी विवेकानंद की पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके ओजस्वी विचारों, आत्मबल और राष्ट्र के प्रति समर्पित दृष्टिकोण ने भारत की सनातन सांस्कृतिक चेतना को विश्व पटल पर गौरव दिलाया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण, युवा जागरण और आध्यात्मिक चेतना के क्षेत्र में स्वामी विवेकानंद के संदेश विकसित, आत्मनिर्भर और सशक्त भारत के निर्माण के लिए आज भी प्रेरणास्रोत बने हुए हैं।















