सीहोर, 04 जुलाई।
सीहोर जिले के आष्टा क्षेत्र में शनिवार को मुरम खदान में भरे पानी में नहाने गए दो 12 वर्षीय बच्चों की डूबने से मौत हो गई। हादसे के दौरान उनके तीन अन्य साथियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम बापचा के पांच बच्चे नहाने के लिए पास के ग्राम बागेर स्थित मुरम खदान पहुंचे थे। लगातार बारिश के कारण खदान में काफी पानी भर गया था और वहां गहरा गड्ढा बन गया था। सभी बच्चे पानी में नहा रहे थे, तभी दो बच्चे अनजाने में गहरे हिस्से की ओर चले गए। अधिक गहराई होने के कारण दोनों बाहर नहीं निकल सके और डूब गए।
हादसे में जान गंवाने वाले बच्चों की पहचान समर (12) पुत्र जितेंद्र निवासी बापचा दोनिया और समर (12) पुत्र संतोष निवासी बापचा के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
परिजन दोनों बच्चों को तत्काल आष्टा सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय पुलिस भी अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंच गई।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, डूबने के कारण दोनों बच्चों की मौत हुई है। शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।















