मैहर, 04 जुलाई।
मैहर जिले के अमरपाटन थाना क्षेत्र में 35 फीट गहरे कुएं में गिरे बैल को निकालने की कोशिश तीन ग्रामीणों के लिए जानलेवा साबित हुई। खरामसेड़ा गांव के अहिरान टोला में शुक्रवार रात हुए इस हादसे में जहरीली गैस और ऑक्सीजन की कमी की चपेट में आने से चार ग्रामीण बेहोश हो गए। इनमें तीन की मौत हो गई, जबकि एक की हालत गंभीर होने पर उसे सतना जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, गांव के कुशवाहा परिवार के कुएं में एक बैल गिर गया था। उसे बाहर निकालने के लिए सबसे पहले दो ग्रामीण रस्सी के सहारे कुएं में उतरे, लेकिन कुछ समय बाद उनकी आवाज आना बंद हो गई। इसके बाद उन्हें बचाने के लिए दो अन्य ग्रामीण बिना किसी सुरक्षा उपकरण के कुएं में उतर गए। वे भी जहरीली गैस और ऑक्सीजन की कमी के कारण बेहोश हो गए।
काफी देर तक कोई हलचल नहीं होने पर ग्रामीणों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद रस्सियों की सहायता से चारों को बाहर निकाला गया और डायल-112 पुलिस को सूचना दी गई। सभी को तत्काल अमरपाटन सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने तीन ग्रामीणों को मृत घोषित कर दिया। चौथे ग्रामीण को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में सतना जिला अस्पताल भेजा गया।
अमरपाटन थाना प्रभारी के अनुसार, कुएं में घुटनों तक पानी भरा हुआ था। प्रारंभिक जांच में जहरीली गैस और ऑक्सीजन की कमी के कारण दम घुटने की आशंका जताई गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।
मृतकों की पहचान राहुल यादव (34), वीरेंद्र यादव (47) और कृष्णकुमार यादव (28) के रूप में हुई है। गंभीर घायल रामचंद्र यादव (42) का सतना जिला अस्पताल में उपचार जारी है।
इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे ने बिना सुरक्षा उपकरण और गैस की जांच के कुएं में उतरने के खतरे को एक बार फिर सामने ला दिया है।















