अपराध
04 Jul, 2026

बनारस स्टेशन से 50 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार

वाराणसी के बनारस रेलवे स्टेशन से एसटीएफ ने बलिया के 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर स्थानीय पुलिस को सौंपते हुए उससे जुड़े अन्य मामलों की जांच शुरू कर दी है।

वाराणसी, 04 जुलाई।

उत्तर प्रदेश एसटीएफ की अयोध्या फील्ड इकाई ने बलिया जिले से घोषित 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश को शनिवार को बनारस रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। आरोपित के खिलाफ बलिया के कोतवाली और सुखपुरा थानों में मारपीट समेत कई आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं।

एसटीएफ के अनुसार, अयोध्या फील्ड यूनिट की टीम फरार और इनामी अपराधियों की तलाश में वाराणसी में अभियान चला रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि बलिया के रामपुर उदयभान निवासी मनोज यादव बनारस रेलवे स्टेशन के प्रवेश द्वार पर मौजूद है और ट्रेन से फरार होने की तैयारी में है। सूचना मिलते ही टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वर्ष 2021 में उसके करीबी मित्र आदित्य पांडेय के साथ हुई मारपीट की घटना के बाद बदला लेने के उद्देश्य से उसने 10 से 12 युवकों का समूह बनाया और कई मारपीट की घटनाओं को अंजाम दिया। उसने यह भी स्वीकार किया कि इलाके में अपना वर्चस्व कायम करने के लिए लोगों को डराने और धमकाने का प्रयास किया जाता था। इन मामलों में वह पहले भी जेल जा चुका है।

आरोपित ने पूछताछ में यह भी बताया कि जेल से बाहर आने के बाद पुलिस की लगातार कार्रवाई से बचने के लिए वह तमिलनाडु चला गया था। इस दौरान वह बीच-बीच में बलिया भी आता रहा। एक मारपीट के मामले में फरार रहने के कारण उसके ऊपर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार अपने ठिकाने बदलकर छिपता रहा।

एसटीएफ ने बताया कि आरोपित को आगे की विधिक कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस को सौंप दिया गया है। साथ ही उससे जुड़े अन्य मामलों और उसके आपराधिक नेटवर्क के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

|
आज का राशिफल

समय नकारात्मक परिणाम देने वाला बन रहा है। ले देकर की जा रही काम की कोशिश ठीक नहीं। कार्यक्षेत्र में आगे बढऩे में रुकावट का एहसास होगा। विरोधियों के सक्रिय होने की संभावना है। कारोबारी यात्रा को फिलहाल टालें। जो चल रहा है उसे सावधानीपूर्वक संभालें। शुभांक-1-3-6

आज का मौसम

भोपाल

25° / 31°

Scattered thunderstorms

ट्रेंडिंग न्यूज़