झाबुआ, 04 जुलाई।
झाबुआ जिला कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की नैतिक और सामाजिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत जागरूकता और सामुदायिक सहभागिता से ही स्वच्छ, सुंदर और विकसित समाज का निर्माण संभव है।
शनिवार को कलेक्टर कार्यालय परिसर में आयोजित विशेष स्वच्छता अभियान एवं श्रमदान कार्यक्रम के दौरान जिला कलेक्टर ने यह बात कही। उनके निर्देशन में आयोजित इस अभियान में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जितेंद्र सिंह चौहान, अपर कलेक्टर सी.एस. सोलंकी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारियों ने भाग लिया। सभी ने परिसर की साफ-सफाई कर अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाई और स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
डॉ. भरसट ने कहा कि जनभागीदारी और सामूहिक प्रयासों से ही स्वच्छता के लक्ष्य को स्थायी रूप से हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और व्यवस्थित वातावरण कार्य क्षमता बढ़ाने के साथ सकारात्मक सोच और स्वस्थ जीवनशैली को भी बढ़ावा देता है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से नियमित रूप से स्वच्छता गतिविधियों में भाग लेने तथा सप्ताह में कुछ समय श्रमदान के लिए देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने सामूहिक श्रमदान कर कार्यालय परिसर की सफाई की। इसके बाद उपस्थित सभी लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई, जिसमें उन्होंने अपने कार्यस्थल और आसपास के वातावरण को हमेशा स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने का संकल्प लिया।















