खंडवा, 04 जुलाई।
खंडवा जिले के पंधाना थाना क्षेत्र में रुस्तमपुर के पास नेशनल हाईवे पर शनिवार तड़के ट्रक, यात्री बस और कार की तिहरी टक्कर हो गई। इस सड़क हादसे में बस में सवार छह यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई। कार सवार लोगों को कोई चोट नहीं आई।
जानकारी के अनुसार, हादसा शनिवार सुबह करीब तीन बजे हुआ। अमरावती से इंदौर जा रही यात्री बस नेशनल हाईवे पर ट्रक के पीछे चल रही थी। इसी दौरान ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए, जिससे बस ट्रक से टकरा गई। इसके तुरंत बाद बस के पीछे आ रही कार भी बस से जा भिड़ी। हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल रहा और यातायात प्रभावित हुआ।
सूचना मिलते ही बोरगांव पुलिस, डायल-112, नेशनल हाईवे एंबुलेंस और बचाव दल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया तथा दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य कराया।
बस में करीब 25 यात्री सवार थे। हादसे में बचकलाबाई नामदेवराव खोरे (78), अंबुबाई (70), संजय पाटिल (35), मुरलीधर सुने (24), संजय साहू (26) और अथर्व विकास पाटिल (24) घायल हुए। सभी को मामूली चोटें आई हैं।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को सड़क किनारे सुरक्षित खड़ा कराया है, जबकि ट्रक को जब्त कर बोरगांव पुलिस चौकी लाया गया है। प्रारंभिक जांच में ट्रक चालक द्वारा अचानक ब्रेक लगाना हादसे का कारण सामने आया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।















