नवादा, 04 जुलाई।
बिहार के नवादा जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के खानापुर गांव में शनिवार को एक पति ने घरेलू विवाद के चलते अपनी पत्नी पूजा कुमारी की चाकू गोदकर हत्या कर दी।
आरोपी पति चंद्रमौलि सिंह का अपनी पत्नी से लंबे समय से झगड़ा चल रहा था, जिसे लेकर दोनों ने पूर्व में न्यायालय में बांड भी भरा था। विवाद इतना बढ़ गया कि पति ने धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार कर अपनी पत्नी को मौत के घाट उतार दिया।
इस नृशंस वारदात के दौरान जब पूजा का भाई अपनी बहन को बचाने के लिए मौके पर पहुंचा, तो आरोपी ने उस पर भी हमला कर दिया। पेट में चाकू लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद पटना रेफर किया गया है।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची वारिसलीगंज पुलिस ने आरोपी पति को हथियार समेत गिरफ्तार कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और घटना के पीछे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। इलाके में इस जघन्य हत्याकांड के बाद से भारी आक्रोश है।















