किशनगंज, 04 जुलाई।
जिले के बिशनपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को दुस्साहसिक हत्या की वारदात से हड़कंप मच गया। हाईस्कूल चौक के पास अज्ञात हमलावर एक युवक के घर में घुस आए और सिर पर घातक वार कर उसकी जान ले ली।
मृतक की पहचान मोहम्मद रिजवान के तौर पर हुई है, जो मूल रूप से बहादुरगंज के टंगटंगी गांव का निवासी था। वह बिशनपुर में अपने परिवार के साथ घर बनाकर रह रहा था। सुबह घटना की खबर मिलते ही इलाके के लोग स्तब्ध रह गए।
सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और पुलिस गहन जांच में जुटी है।
फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। कोई इसे पारिवारिक विवाद तो कोई पुरानी रंजिश मान रहा है। पुलिस का कहना है कि वे हर एंगल से पड़ताल कर रहे हैं। परिजनों ने मांग की है कि जल्द से जल्द अपराधियों को गिरफ्तार कर कड़ी सजा दी जाए।















