मध्य प्रदेश
04 Jul, 2026

मप्र में 9 आईपीएस अधिकारियों के तबादले, कई जिलों को मिले नए आईजी और एसपी

मध्य प्रदेश सरकार ने नौ वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के तबादले करते हुए भोपाल ग्रामीण, सागर और नर्मदापुरम में नए आईजी तथा शाजापुर और शहडोल में नए एसपी नियुक्त किए हैं।

भोपाल, 04 जुलाई।

मध्य प्रदेश शासन ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए नौ वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के तबादला आदेश जारी किए हैं। इस बदलाव के तहत भोपाल ग्रामीण, सागर और नर्मदापुरम को नए आईजी मिले हैं, वहीं शाजापुर और शहडोल जिलों में नए एसपी की नियुक्ति की गई है।

जारी आदेश के अनुसार, पुलिस मुख्यालय में आईजी प्रशासन के पद पर कार्यरत रुचि वर्धन मिश्रा को अब भोपाल ग्रामीण जोन का आईजी बनाया गया है। नर्मदापुरम जोन के आईजी मिथिलेश शुक्ला को सागर रेंज का पूर्णकालिक आईजी नियुक्त किया गया है। उनके सागर स्थानांतरण के बाद रिक्त हुए नर्मदापुरम जोन के आईजी पद की जिम्मेदारी चंद्रशेखर सोलंकी को सौंपी गई है, जो अब तक इंदौर एसएएफ रेंज में पदस्थ थे। वहीं, आईजी एससीआरबी हरिनारायण चारी मिश्रा को पुलिस मुख्यालय में आईजी प्रशासन बनाया गया है।

तबादला सूची में दो जिलों के पुलिस अधीक्षकों में भी बदलाव किया गया है। संजय कुमार अग्रवाल को शहडोल का नया एसपी नियुक्त किया गया है। वहीं, शहडोल के निवर्तमान एसपी रामजी श्रीवास्तव को एआईजी बनाकर पुलिस अकादमी भौंरी भेजा गया है। इसी तरह प्रियंका शुक्ला को शाजापुर जिले का नया एसपी बनाया गया है। शाजापुर के मौजूदा एसपी यशपाल सिंह राजपूत का तबादला कर उन्हें पुलिस अधीक्षक रेल, इंदौर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा पदोन्नति के बाद सिमाला प्रसाद को डीआईजी खरगोन रेंज के पद पर पदस्थ किया गया है।

तबादला आदेश में कुछ वरिष्ठ अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारियां भी दी गई हैं। विशेष पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) आदर्श कटियार को उनके मौजूदा दायित्वों के साथ स्पेशल डीजी दूरसंचार (पुलिस मुख्यालय) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वहीं, इंदौर ग्रामीण जोन के आईजी अनुराग को अपने वर्तमान पद के साथ आईजी एसएएफ इंदौर रेंज और आईजी आरएपीटीसी इंदौर का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।

|
आज का राशिफल

समय नकारात्मक परिणाम देने वाला बन रहा है। ले देकर की जा रही काम की कोशिश ठीक नहीं। कार्यक्षेत्र में आगे बढऩे में रुकावट का एहसास होगा। विरोधियों के सक्रिय होने की संभावना है। कारोबारी यात्रा को फिलहाल टालें। जो चल रहा है उसे सावधानीपूर्वक संभालें। शुभांक-1-3-6

आज का मौसम

भोपाल

25° / 31°

Scattered thunderstorms

ट्रेंडिंग न्यूज़