मध्य प्रदेश
04 Jul, 2026

सोलर प्लांट मामले में जेई की पत्नी की कंपनी पर एफआईआर

मऊगंज के हनुमना स्थित सोलर प्लांट में सरकारी विद्युत सामग्री के कथित दुरुपयोग के मामले में निलंबित जेई की पत्नी की कंपनी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

मऊगंज, 04 जुलाई।

मऊगंज जिले के हनुमना स्थित 2 मेगावाट सोलर प्लांट के विद्युत संयोजन और लाइन विस्तार कार्य में सरकारी विद्युत सामग्री के कथित दुरुपयोग के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड की शिकायत पर हनुमना थाने में संबंधित ठेका कंपनी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सोलर प्लांट के निर्माण कार्य के दौरान विद्युत वितरण और ट्रांसमिशन कंपनियों की सामग्री का अनधिकृत रूप से उपयोग किया गया। जांच में सामने आया कि यह कार्य मेसर्स ओम एंटरप्राइजेज को दिया गया था, जिसकी प्रोपराइटर ममता कुमारी हैं। ममता कुमारी बिजली विभाग के कनिष्ठ अभियंता रंजीत कुमार साहू की पत्नी हैं। रंजीत कुमार साहू वर्तमान में सीधी जिले के कार्यपालन अभियंता कार्यालय में पदस्थ हैं और प्रथम दृष्टया संलिप्तता पाए जाने पर उन्हें पहले ही निलंबित किया जा चुका है।

कंपनी के अनुसार, शिकायत मिलने के बाद मुख्य अभियंता (प्रवर्तन), रीवा के नेतृत्व में गठित जांच समिति ने पूरे मामले की जांच की। निरीक्षण के दौरान सोलर प्लांट में लगाए गए कई विद्युत उपकरणों पर मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड का नाम अंकित मिला। वहीं कंट्रोल केबल पर मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड का उल्लेख पाया गया। इसके अलावा वैक्यूम सर्किट ब्रेकर की नेम प्लेट पर खरीदार संबंधी जानकारी मिटाई हुई मिली, जिससे अनियमितताओं की आशंका और गहरा गई।

इसके बाद संबंधित कंपनियों से अभिलेखों का सत्यापन कराया गया। जांच रिपोर्ट और उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने हनुमना थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर मेसर्स ओम एंटरप्राइजेज की प्रोपराइटर ममता कुमारी के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में आपराधिक मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। वहीं बिजली विभाग भी पूरे प्रकरण में अन्य संभावित जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका की जांच कर रहा है। विभाग का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार आगे की विभागीय और वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

|
आज का राशिफल

समय नकारात्मक परिणाम देने वाला बन रहा है। ले देकर की जा रही काम की कोशिश ठीक नहीं। कार्यक्षेत्र में आगे बढऩे में रुकावट का एहसास होगा। विरोधियों के सक्रिय होने की संभावना है। कारोबारी यात्रा को फिलहाल टालें। जो चल रहा है उसे सावधानीपूर्वक संभालें। शुभांक-1-3-6

आज का मौसम

भोपाल

25° / 31°

Scattered thunderstorms

ट्रेंडिंग न्यूज़