इंदौर, 08 जुलाई।
मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के कनाड़िया थाना क्षेत्र स्थित बिचौली मर्दाना इलाके में मंगलवार रात एक तेंदुए की मौजूदगी ने हड़कंप मचा दिया। रात करीब 8:30 बजे रिहायशी इलाके में घूम रहे तेंदुए ने एक डिलीवरी बॉय पर अचानक हमला कर दिया, जिससे बचने के लिए युवक को अपनी बाइक छोड़कर भागना पड़ा। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें तेंदुए का आक्रामक व्यवहार स्पष्ट दिखाई दे रहा है।
हमले के बाद तेंदुआ पास ही स्थित एक मकान के बाथरूम में घुस गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, रालामंडल अभयारण्य की रेस्क्यू टीम और वन विभाग के अधिकारी सक्रिय हो गए। मौके पर पहुंची टीम ने पिंजरा और ट्रैंक्विलाइज़र गन की मदद से उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह चकमा देकर निकल गया। वन विभाग के अनुसार, तेंदुआ बाथरूम से निकलकर श्रीजी वैली के रास्ते देवगुराड़िया की पहाड़ियों की ओर भाग गया।
वन परिक्षेत्र अधिकारी योगेश कुमार यादव ने बताया कि भारी बारिश के कारण तेंदुए के जंगल क्षेत्र से भटककर आबादी वाले इलाके में आने की आशंका है। सुरक्षा के मद्देनजर आसपास की कॉलोनियों में अलर्ट जारी कर दिया गया है। पुलिस और वन विभाग की टीमें लगातार गश्त कर रही हैं और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। वन विभाग ने अपील की है कि रात के समय अकेले बाहर न निकलें और तेंदुआ दिखाई देने पर तुरंत अधिकारियों को सूचित करें। फिलहाल सर्च ऑपरेशन जारी है ताकि तेंदुए की सटीक लोकेशन का पता लगाकर उसे सुरक्षित जंगल की ओर वापस भेजा जा सके।












