वेलिंगटन, 08 जुलाई।
न्यूजीलैंड क्रिकेट (एनजेडसी) ने आगामी 2026-27 सत्र के लिए सीमित ओवरों के विशेषज्ञ खिलाड़ियों—फिन एलन, लॉकी फर्ग्यूसन, टिम साइफर्ट और एडम मिल्ने को कैजुअल प्लेइंग कॉन्ट्रैक्ट प्रदान किया है। इस अनुबंध के साथ ही ये चारों खिलाड़ी आगामी भारत दौरे के लिए टीम चयन की दौड़ में बने रहेंगे। ये सभी खिलाड़ी अक्टूबर-नवंबर में भारत के विरुद्ध होने वाली पांच टी20 और पांच वनडे मैचों की सीरीज के लिए उपलब्ध रहेंगे।
बोर्ड की योजनाओं के अनुसार, इन खिलाड़ियों को 2027 वनडे विश्व कप और उसके बाद के टी20 विश्व कप को ध्यान में रखते हुए टीम में शामिल रखा गया है। एनजेडसी के चयनकर्ता गेविन लार्सन ने इन खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि इनका अंतरराष्ट्रीय अनुभव और विभिन्न फ्रेंचाइजी लीगों में खेलने की क्षमता न्यूजीलैंड की ब्लैककैप्स टीम के लिए अत्यंत मूल्यवान है। वर्तमान में ये चारों खिलाड़ी मेजर लीग क्रिकेट 2026 में अपनी-अपनी टीमों के साथ सक्रिय हैं।
दूसरी ओर, अनुबंध सूची में कुछ महत्वपूर्ण बदलाव भी हुए हैं। पूर्व कप्तान केन विलियमसन का नाम सूची से हटा दिया गया है क्योंकि उन्होंने हाल ही में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की थी। वहीं, डेवोन कॉनवे और ब्लेयर टिकनर की केंद्रीय अनुबंध सूची में पुनः वापसी हुई है। न्यूजीलैंड क्रिकेट ने हाल ही में 20 प्रमुख खिलाड़ियों की केंद्रीय अनुबंध सूची भी जारी की है, जो इस सत्र की टीम संरचना को स्पष्ट करती है।












