खड़गपुर, 08 जुलाई।
पश्चिम मेदिनीपुर जिले के खड़गपुर शहर के पुरातन बाजार इलाके में एक राष्ट्रीय शतरंज खिलाड़ी के घर हुई चोरी की घटना से हड़कंप मच गया है। चोरों ने सूने मकान का ताला तोड़कर सोने के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। प्रेरणा घोष, जो एक राष्ट्रीय स्तर की शतरंज खिलाड़ी हैं, अपनी मां मौसमी घोष के साथ किराये के मकान में रहती हैं। यह घटना तब हुई जब मां-बेटी किसी काम से घर से बाहर गई हुई थीं।
मंगलवार शाम को जब दोनों घर लौटीं, तो उन्हें मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ मिला। भीतर जाने पर पाया कि अलमारी का लॉक तोड़कर चोरों ने सोने की दो चूड़ियां और एक सोने की चेन पार कर दी है। पीड़िता द्वारा सूचना दिए जाने के बाद खड़गपुर शहर थाना पुलिस ने तुरंत घटनास्थल का मुआयना किया और केस दर्ज कर लिया है।
फिलहाल पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चोरी गए आभूषणों की बरामदगी और आरोपितों की पहचान के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। शतरंज खिलाड़ी के घर हुई इस चोरी की घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में चिंता पैदा कर दी है।












