भोपाल, 08 जुलाई।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज बुधवार को धार जिले के पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण औद्योगिक विस्तार की आधारशिला रखेंगे। मुख्यमंत्री यहाँ चीन की अग्रणी निर्माण उपकरण निर्माता कंपनी 'गुआंग्शी लियुगोंग मशीनरी' की भारतीय इकाई, 'लियुगोंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड' के नए विनिर्माण संयंत्र का भूमि-पूजन करेंगे। इस नए संयंत्र की स्थापना के लिए कंपनी द्वारा 272 करोड़ रुपये का भारी निवेश किया जा रहा है, जो राज्य में औद्योगिक विकास को एक नई गति प्रदान करेगा।
अधिकारियों के अनुसार, यह अत्याधुनिक संयंत्र लगभग 20 एकड़ भूमि पर विकसित किया जाएगा। इसके निर्माण से स्थानीय स्तर पर एक्सकेवेटर जैसे निर्माण उपकरणों का उत्पादन बढ़ेगा, जिससे 'मेक इन इंडिया' और 'आत्मनिर्भर भारत' अभियान को और अधिक मजबूती मिलेगी। इस इकाई की शुरुआती उत्पादन क्षमता प्रतिवर्ष 6,500 निर्माण उपकरण निर्धारित की गई है। इस निवेश से न केवल आयात पर निर्भरता कम होगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
लियुगोंग कंपनी वर्ष 2008 से ही पीथमपुर में अपना संयंत्र सफलतापूर्वक संचालित कर रही है, जहाँ 500 से अधिक पेशेवर काम कर रहे हैं। कंपनी वैश्विक स्तर पर व्हील लोडर, एक्सकेवेटर और खनन उपकरणों के निर्माण के लिए जानी जाती है। पीथमपुर में पहले से मौजूद संयंत्र में प्रतिवर्ष 3 हजार उपकरणों के निर्माण की क्षमता है और नए संयंत्र के आने से कंपनी की उत्पादन क्षमता में व्यापक इजाफा होगा। देश भर की प्रमुख बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में कंपनी के 4 हजार से अधिक उपकरण पहले से ही उपयोग किए जा रहे हैं।












