नई दिल्ली, 10 जुलाई।
मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना के तहत गुजरात के अहमदाबाद में सभी 13 भारी पोर्टल बीम की लॉन्चिंग सफलतापूर्वक पूरी कर ली गई है। साबरमती में अंतिम और सबसे भारी 1,640 मीट्रिक टन वजनी पोर्टल बीम को महज तीन घंटे में स्थापित किया गया।
साबरमती में अंतिम और सबसे भारी पोर्टल बीम की सफल लॉन्चिंग के साथ अहमदाबाद में इस परियोजना के लिए सभी 13 भारी पोर्टल बीम स्थापित हो चुके हैं। इसे परियोजना के निर्माण कार्य में एक महत्वपूर्ण इंजीनियरिंग उपलब्धि माना जा रहा है।
परियोजना से जुड़े अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि अहमदाबाद में 18 किलोमीटर लंबा बुलेट ट्रेन वायाडक्ट मौजूदा व्यस्त रेलवे लाइनों को एलिवेटेड स्तर पर पार करता है। इन क्रॉसिंगों के निर्माण के लिए 13 विशेष भारी पोर्टल बीम तैयार कर लगाए गए हैं। इनमें मणिनगर में मुंबई-अहमदाबाद मुख्य रेल लाइन पर पांच, वाटवा में इसी रेल मार्ग पर सात और साबरमती में अहमदाबाद-दिल्ली मुख्य रेल लाइन पर एक पोर्टल बीम शामिल है।
अधिकारियों के अनुसार, साबरमती में स्थापित अंतिम प्रीकास्ट-प्रेस्ट्रेस्ड पोर्टल बीम का वजन करीब 1,640 मीट्रिक टन, लंबाई 34.5 मीटर और क्रॉस-सेक्शन 5.5 मीटर × 4.5 मीटर है। यह अहमदाबाद में लगाए गए सभी 13 पोर्टल बीमों में सबसे भारी है और परियोजना में उपयोग किए गए सबसे बड़े प्रीकास्ट कंक्रीट पोर्टल बीमों में भी शामिल है।
इस विशाल बीम की लॉन्चिंग 2,200 मीट्रिक टन क्षमता वाली क्रॉलर क्रेन की सहायता से की गई। सीमित कार्यस्थल और व्यस्त रेलवे लाइन के ऊपर निर्माण कार्य होने के बावजूद पूरी प्रक्रिया की विस्तृत योजना बनाई गई। भारतीय रेलवे के साथ समन्वय स्थापित कर सभी सुरक्षा मानकों का पालन किया गया और इस दौरान रेल परिचालन भी बिना किसी बाधा के सामान्य रूप से जारी रहा।
अधिकारियों ने बताया कि अहमदाबाद में सभी 13 भारी पोर्टल बीम की सफल लॉन्चिंग भारत की पहली हाई-स्पीड रेल परियोजना में अपनाई जा रही अत्याधुनिक इंजीनियरिंग क्षमता, सटीक योजना और उच्च गुणवत्ता वाले निष्पादन का उदाहरण है। इसे परियोजना के निर्माण कार्य को निर्धारित समयसीमा के अनुसार आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।












.jpg)
