सरकार व नीतियाँ
10 Jul, 2026

महादेव सट्टा एप मामले में 940 करोड़ की संपत्ति जब्त

महादेव सट्टा एप मामले में ईडी ने आरोपित विकास गर्ग और उनसे जुड़ी संस्थाओं की 940.77 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियां जब्त की हैं।

रायपुर, 10 जुलाई।

महादेव सट्टा एप मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपित विकास गर्ग और उनके परिवार के सदस्यों के स्वामित्व एवं नियंत्रण वाली संस्थाओं की चल और अचल संपत्तियां जब्त की हैं। इन संपत्तियों का कुल मूल्य लगभग 940.77 करोड़ रुपये बताया गया है।

ईडी के रायपुर जोनल कार्यालय ने मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए), 2002 के प्रावधानों के तहत यह कार्रवाई की है। जब्त संपत्तियों में आवासीय संपत्तियां, भूमि, इक्विटी शेयर और अन्य प्रतिभूतियां शामिल हैं।

ईडी अधिकारियों के अनुसार, छत्तीसगढ़ के दुर्ग पुलिस सहित आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल और अन्य राज्यों में दर्ज एफआईआर के आधार पर जांच शुरू की गई थी। इन मामलों में अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म के संचालकों, प्रमोटरों और सहयोगियों पर आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी और जालसाजी के आरोप लगाए गए थे।

जांच में सामने आया कि सट्टेबाजी सिंडिकेट विदेश से संचालित फ्रेंचाइजी आधारित पैनल नेटवर्क के जरिए काम कर रहा था और अवैध सट्टेबाजी से हर महीने 450 करोड़ रुपये से अधिक की अपराध से प्राप्त आय अर्जित कर रहा था।

ईडी की जांच में यह भी पाया गया कि महादेव ऑनलाइन बुक और स्काईएक्सचेंज से प्राप्त अवैध धन को कागजी लेनदेन के कई स्तरों, शेल कंपनियों और अन्य जटिल वित्तीय लेनदेन के माध्यम से वैध दिखाने का प्रयास किया गया। इसी प्रक्रिया के जरिए लगभग 940.77 करोड़ रुपये की राशि विकास गर्ग के स्वामित्व और नियंत्रण वाली संस्थाओं तक पहुंचाई गई। बाद में इन पैसों का उपयोग शेयर, प्रतिभूतियां और अन्य संपत्तियां खरीदने में किया गया। मामले की जांच अभी जारी है।

इससे पहले इस मामले में सात प्रोविजनल अटैचमेंट ऑर्डर जारी किए जा चुके हैं और विशेष न्यायालय (पीएमएलए), रायपुर में अभियोजन शिकायतें, जिनमें पूरक अभियोजन शिकायतें भी शामिल हैं, दायर की गई हैं। न्यायालय ने मनी लॉन्ड्रिंग के अपराध का संज्ञान भी लिया है।

उल्लेखनीय है कि इस मामले में पहले लगभग 2,825 करोड़ रुपये की चल और अचल संपत्तियां, जिनमें विदेशी संपत्तियां भी शामिल हैं, जब्त की जा चुकी हैं। मौजूदा कार्रवाई के बाद इस मामले में अब तक जब्त कुल संपत्तियों का मूल्य लगभग 3,800 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।

|
आज का राशिफल

कुछ प्रतिकूल गोचर का क्षोभ दिन-भर रहेगा। सुबह-सुबह की महत्वपूूर्ण सिद्घि के बाद दिन-भर उत्साह बना रहेगा। किसी लाभदायक कार्य के लिए व्ययकारक स्थितियां पैदा होंगी। ज्ञान-विज्ञान की वृद्घि होगी और सज्जनों का साथ भी रहेगा। मनोरथ सिद्घि का योग है। मेहमानों का आगमन होगा। शुभांक-3-6-8

आज का मौसम

भोपाल

26° / 32°

Partly sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़